दुष्परिणाम: आया था रोजगार ढूंढने, मिल गई असमय मौत, सदमे में है परिवार
संवाददाता
रुद्रपुर,12 सितंबर। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से यहां काम की तलाश में आए नौजवान के लिए नए मकान की पार्टी मौत का सबब बन गई। पार्टी में अधिक शराब पीने से युवक की मौत हो गई। बताया गया है कि वह रोजगार की तलाश में रुद्रपुर आया था। बेटे को नौकरी मिल जाने की खबर कीक्षउम्मीद कर रहे युवक के परिवार वाले उसकी मौत की खबर पाकर बदहवास होकर रह गए। जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ के ग्राम न्योशेरा निवासी 26 वर्षीय अजय सिंह कई दिन पहले काम की तलाश में रुद्रपुर के छतरपुर निवासी विजय के घर आया था। बीती रात विजय के मित्र योगेश ने नया मकान बनने की खुशी में पार्टी रखी थी। पार्टी में अजय ने ज्यादा शराब पी ली। देर रात को अजय सिंह को बेचैनी हुई तो उसे तड़के तीन बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां डाॅक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में अजय के साथ आए लोगों ने बताया कि उसने रात साढ़े 12 बजे तक शराब पी थी। उसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
डाॅक्टर का कहना है कि शराब के अत्याधिक सेवन से भी जान जा सकती है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही चल रही है। मृतक के परिवार वालों को सूचना भेजी गई है।
