बद्रीनाथ हाईवे फरासू-सिरोबगड़ में दोपहर तक होता रहा बाधित
पौड़ी। मौसम विभाग का अलर्ट और पहाड़ों में जारी बारिश ने एक बार फिर यात्रियों की तब मुश्किलें और बढ़ा दी जब सोमवार को बद्रीनाथ हाईवे दोपहर तक खुलता और बंद होता रहा। इस दौरान चारधाम यात्रा पर आये यात्री और आम जनता सुबह से ही हाईवे खुलने का इंतजार करते दिखे। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीमों ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका, जबकि एनएच लोनिवि की जेसीबी को मलबा हटाने में जद्दोजहद करनी पड़ी। श्रीनगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को जारी बारिश के कारण बद्रीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में सुबह करीब पांच बजे अवरुद्ध हो गया। जिससे चारधाम यात्रा दर्शन को जा रहे श्रद्धालु और स्थानीय लोग जाम में फंसे रहे। सिरोबगड़ में बंद हाईवे पर मलबा हटाने के बावजूद भी पहाड़ी से पत्थर औैर मिट्टी खिसकती रही जिस कारण यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जैसे ही सुबह 10 बजे बद्रीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में सुचारू हुआ, वैसे ही फरासू में भारी भरकम मलबा आने से बद्रीनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया। जिसके बाद यात्रियों को फिर हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा। चौकी प्रभारी कलियासौड़ विजय शैलानी ने बताया कि सोमवार को जारी बारिश के कारण सिरोबगड़ में बद्रीनाथ हाईवे मलबा आने से सुबह पांच बजे के करीब बंद हो गया, जिसे सुबह दस बजे सुचारू किया गया। बताया कि फरासू में मलबा और पत्थर आने से बद्रीनाथ हाईवे सुबह करीब 10 बजे बंद हो गया, जिसे दोपहर 12 बजे तक सुचारू करवाया गया।

