उत्तराखंड

ट्रिपल इंजन सरकार से और तेज होगी विकास की रफ्तार : रेखा आर्य

अल्मोड़ा। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को अल्मोड़ा जनपद के डिगरा जिला पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी पंकज बजेली के समर्थन में जनसंपर्क और सभाओं के जरिए प्रचार किया। मंत्री रेखा आर्या ने सुपाकोट और निरई गांव में ग्रामीणों से संवाद करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकारों ने विकास के जो नए आयाम स्थापित किए हैं, उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रेखा आर्या ने कहा कि जो पार्टी दशकों तक सिर्फ गरीबी हटाने के नारे देती रही, भाजपा ने उसे धरातल पर उतार कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के तहत अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास भाजपा की प्राथमिकता है। मंत्री ने कहा कि यदि क्षेत्र की जनता भाजपा समर्थित प्रत्याशी को विजय दिलाकर जिला पंचायत में भी ट्रिपल इंजन सरकार का हिस्सा बनाती है, तो विकास की रफ्तार और तेज होगी। चुनाव प्रचार कार्यक्रम में लाल सिंह बजेठा, मोहन सिंह, श्याम सिंह रौतेला, गिरीश राम, पूर्व प्रधान गिरीश भंडारी, देवेंद्र सिंह, पाल सिंह भंडारी, दीवान राम, प्रकाश नेगी, श्याम सिंह सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *