प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन महरा की दलबदल पर तीखी प्रतिक्रिया, पार्टी छोड़कर  जाने वालों को बताया नाकारा  

भाजपा के गलत कामों का मूक समर्थन है दलबदल, कांग्रेस पर नहीं पड़ेगा कोई फर्क
देहरादून। इन दिनों कांग्रेस द्वारा भले ही देशभर में भारत जोड़ो अभियान चलाया जा रहा हो लेकिन उत्तराखंड में भाजपा द्वारा कांग्रेस तोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ द्वारा अभी हाल में ही दिए गए बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के 178 नेताओं के आवेदन भाजपा के पास आए हुए हैं जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आना चाहते हैं। उनके इस बयान का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि कांग्रेस का कोई नेता भाजपा में नहीं जा रहा है। जो भाजपा में जा रहे हैं वह नेता नहीं नाकारा और निष्क्रिय कार्यकर्ता हैं और ऐसे लोगों का चले जाना ही अच्छा है।
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों से लगातार इस तरह की खबरें आ रही हैं कि बड़ी संख्या में कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली है। अभी हरिद्वार और देहरादून से भी ऐसी खबरें आई थी। दरअसल भाजपा ने अगले साल होने वाले निकाय चुनाव से पूर्व कांग्रेस तोड़ो अभियान छेड़ा हुआ है, जिसके लिए बकायदा एक अलग समिति बनाई गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 2024 के आम चुनाव से पूर्व कांग्रेस को कमजोर करना और भाजपा की चुनावी तैयारियों से जुड़ा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से इस बाबत जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो लोग बीते 10 सालों से निष्क्रिय हैं तथा पार्टी के लिए कोई काम नहीं कर रहे हैं, ऐसे नाकारा लोग अगर पार्टी छोड़कर चले जाएं तो इसी में उनकी तथा कांग्रेस की भलाई है। इसके साथ ही वह कहते हैं कि भाजपा के गलत कामों को समर्थन देने वालों के लिए कांग्रेस में कोई जगह नहीं है। ऐसे समय में जब प्रदेश में अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर पूरे प्रदेश के लोग भाजपा का विरोध कर रहे हैं, जो लोग भाजपा में जा रहे हैं, इसका मतलब तो यही है कि वह भाजपा के गलत कामों का समर्थन कर रहे हैं।
करन माहरा का कहना है कि जितने भी बड़े-बड़े नेता पूर्व समय में कांग्रेस छोड़कर गए थे, जब उन्हें ही भाजपा में कुछ हासिल नहीं हुआ और वे भाजपा में आज असहज हैं तो फिर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वर्तमान में जो जा रहे हैं उनका क्या हाल होगा। उनका कहना है कि ऐसे निष्क्रिय व नकारा लोगों के जाने से कांग्रेस पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और न उनके जाने से भाजपा को कोई फायदा होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *