दोस्तों के साथ शराब की पार्टी करना पड़ा भारी, नशे में हुआ विवाद तो कर दी हत्या

नैनीताल। दोस्तों के साथ खाने-पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या हो गई। वारदात के बाद दोस्त फरार हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामला रामनगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमलखलिया निवासी भास्कर पांडे पुत्र स्व. महेश पांडे बैंक में लोन दिलाने का काम करता है। बीती रात भास्कर पांडे अपने घर से अपने दोस्त अवधेश के  यहां जाने की बात कहकर निकला था जो खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात है। उसे कार्यालय के समीप ही पुलिस चौकी खताड़ी के पीछे जीआईसी का सरकारी कमरा मिला हुआ है। बताया जा रहा है कि भास्कर ने अवधेश और दो अन्य लोगों के साथ शाम को शराब की पार्टी की। लगभग रात दस बजे के बाद भास्कर का शराब पीने के दौरान अपने दोस्तों से झगड़ा हो गया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि दोस्तों ने पहले उसके सिर पर वार किया, उसके बाद बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गयी। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए। सुबह मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बरामद किया और पास ही मौजूद शराब की बोतलें, मटन, चावल, चिप्स आदि कब्जे में ले लिये। कोतवाल अरुण सैनी का कहना है कि घटना में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। वहीं सूत्रों का कहना है कि मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *