Tuesday, September 22, 2026
Latest:
सरोकार

कोटद्वार रोडवेज डिपो को मिलीं नौ नई बसें, पहाड़ी मार्गों पर आवागमन में होगी सुविधा

कोटद्वार।  कोटद्वार रोडवेज डिपो की बसों के बेड़े में नौ नई बीएस-6 बसें शामिल हो गई हैं। इन बसों से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में बस सेवा को प्रभावी बनाया जा रहा है। वहीं, अब दिल्ली की राह बिल्कुल आसान हो गई है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से कनेक्ट की गई बसें दिल्ली तक संचालित की जाएंगी। इससे पहले बीएस-6 तकनीक की बसों के अभाव में उत्तराखंड की बसों का दिल्ली में प्रवेश मुश्किल होता दिख रहा था। सोमवार को डिपो प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आईएसबीटी देहरादून से बीएस-6 तकनीक की नई बसों को 27 अक्तूबर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इनमें कोटद्वार डिपो की भी एक बस शामिल थी। इसके बाद कोटद्वार डिपो को एक-एक कर कुल नौ नई बीएस-6 बसें मुहैया करा दी गई हैं। कोटद्वार डिपो के पास अब बसों की संख्या 37 से बढ़कर 46 हो गई है। इसके अलावा 28 अनुबंधित बसें भी डिपो से संबद्ध हैं। बताया कि पहले बीरोंखाल और त्रिपालीसैंण के लिए कोटद्वार रोडवेज डिपो से एक-एक ही बस संचालित की जाती थी, अब नई मिली नौ बसों में तीन बसों को बीरोंखाल, तीन बसों को त्रिपालीसैंण और तीन बसों को पौड़ी के लिए लगाया जा रहा है। ये सभी बसें वापसी में कोटद्वार, नजीबाबाद, बिजनौर से होकर दिल्ली तक का सफर तय करेंगी। इससे यात्रियों को सफर में आसानी रहेगी और डिपो में लोगों की भीड़ भी कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *