सेल्फी लेने के चक्कर में नहर में डूब गए दो पर्यटक

रुड़की। शुक्रवार को यहां  एक हादसे में दो युवकों की असमय मौत हो गई। यह दुखद घटना सोलानी पार्क में घटी जहां मेरठ और बागपत के दो नौजवान युवक गंग नहर किनारे सेल्फी लेते वक्त अनियंत्रित होकर अचानक नहर में गिर पड़े और डूब कर लापता हो गए। इनके साथ इनके दो दोस्त भी थे जिनसे पुलिस घटना की जानकारी ले रही है। जानकारी के अनुसार सभी दोस्त मसूरी घूमने के लिए जा रहे थे।
सिविल लाइन कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संदीप (22) निवासी बागपत,भरत (21) निवासी मेरठ अपने दो दोस्त अभिषेक (21) और राकेश (45) निवासी बागपत के साथ शुक्रवार सुबह कार से मसूरी घूमने जा रहे थे। रुड़की पहुंचने पर सभी लोग कार से गंग नहर पटरी पर सोलानी पार्क के पास पहुंचे। यहां पर सभी दोस्त गंग नहर किनारे सेल्फी लेने लगे। अचानक ही संदीप और भरत का पैर फिसल गया जिससे दोनों दोस्त गंग नहर में गिर गए।
दोस्तों को गंगनहर में डूबता देख अभिषेक और राकेश ने शोर मचा दिया जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आसपास के व्यक्तियों ने दोनों दोस्तों को बचाने का प्रयास किया लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल पाया। हादसे की सूचना सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी गई है। जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंग नहर में डूबे दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी । हादसे की सूचना मिलते ही इन सभी के स्वजन रुड़की पहुंचे और पुलिस से मामले की जानकारी ली। हादसे नौजवान सदस्यों की असामयिक मौत से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *