पूर्व सांसद एवं मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा को श्रद्धांजलि
देहरादून। दिवंगत सांसद एवंव पूर्व मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा की 7वीं पुण्य तिथि के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि स्व मनोरमा का प्रथम मेयर के रूप में देहरादून को विश्व पटल पर पहचान दिलाने में अतुल्य योगदान रहा है। राज्यसभा की सांसद रहते हुए भी उन्होंने राज्य के सरोकारों को ससंद के अन्दर एक मजबूत आवाज दी थी। बेशक कम समय में ही उन्होंने एक अलग पहचान सांसद के रुप में बनाई थी। कहा कि उन्हें दुःख है कि वो मजबूत आवाज आज़ नहीं रही। उनका अभाव खलता है।
कार्यक्रम की आयोजनकर्ता मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की अध्यक्ष व कांग्रेस नेत्री आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि दिवगंत सांसद के अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिये काम वह करती रहेंगी। मुख्य वक्ताओं में पदमश्री अवधेश कौशल, पदमश्री वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने कहा कि दिवंगत सांसद व पूर्व मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने अपने 40 वर्ष के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा, चाहे वह पद पर रही हों न रही हों। पदमश्री कन्हैया लाल पोखरियाल उनके साथ विभिन्न अवसर पर किये गये कामों को याद करते हुए भावुक हुए।
इस अवसर पर जितेन्द्र डडोना, मोहन सिंह नेगी, जयकृत कंडवाल, साधना तिवारी, अनुराधा तिवारी, मीना बिष्ट, रेखा डिंगरा, प्रभात डंडरियाल, कुलदीप प्रसाद सहित भारी संख्या में उपस्थित लोगों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किये। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पदमश्री वैद्य बालेन्दु ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया।

