विदेशी मुद्रा को सस्ते में बेचने का झांसा ठगी करने वाले तीन दबोचे
हरिद्वार। हरिद्वार जिले में कम कीमत पर विदेशी करेंसी देने के नाम पर ग्रामीण से दो लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साथ ही गिरोह के तीन सदस्यों को भगवानपुर के सालियर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपित में एक महिला भी शामिल है। तीनों आरोपित दिल्ली में जेजे कालोनी में किराये में रहते हैं। यह लोग विदेशी मुद्रा को कम मूल्य में देने का झांसा देकर सीधे सादे व्यक्तियों से ठगी करते हैं। आरोपितों ने और कहां-कहां ठगी की है। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। बुधवार को भगवानपुर थाने में पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक पंकज गैरोला ने बताया कि मोहितपुर गांव निवासी आमिर से पांच अक्टूबर को विदेशी करेंसी रियाल देने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी हुई थी। ग्रामीण ने बताया कि ठग गिरोह के सदस्यों ने उसे बताया था कि उनके पास रियाल है। इसे वह कम कीमत पर उसे दे देंगे। इस बात पर वो उनके झांसे में आ गया। इतना ही नहीं ठगों ने ग्रामीण को रियाल की गड्डी भी दिखाई थी, जिसके बाद ग्रामीण ने उसे दो लाख रुपये दे दिए। लेकिन, जब वह घर आया तो गड्डी में केवल छह-सात रियाल थे। बाकी उनके आकार में कटिंग किए गए कागज थे।

