पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया बेटी अनुपमा रावत का चुनाव प्रचार
हरिद्वार। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि बेटी हर किसी का स्वाभिमान होती है और उन्होंने अपनी बेटी अनुपमा रावत को हरिद्वार ग्रामीण की जनता की सेवा के लिए समर्पित किया है। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि वे यह नहीं समझ पाते हैं कि उन्होंने आखिर कौन सा गुनाह किया है जो वोट काटने वाले उनके नसीब में ही आ जाते हैं। रावत ने कहा कि उन्होंने तो हमेशा सबको साथ लेकर चलने की बात कही है। हरीश रावत ने कभी भी किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। जितना सम्मान उन्होंने अपने घरवालों को दिया है उतना ही सम्मान हमेशा हरिद्वार ग्रामीण की जनता को दिया है। उन्होंने कभी भी किसी की जात पात नहीं पूछी।
हरीश रावत ने कहा कि जैसे ही उनकी बेटी का टिकट कांग्रेस से फाइनल हुआ तो रातों-रात बीजेपी ने दूसरे प्रत्याशी का टिकट बदलवा दिया, पता नहीं कितने में सौदा हुआ। हरीश रावत ने कहा कि रवासन और पीली नदियों में हुए अवैध खनन से कमाए गए पैसे से ही टिकट बदलवाने का सौदा किया गया है। यह लोग अवैध कामों से कमाए पैसे के बल पर आपकी बेटी को हराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 2017 में हरीश रावत नहीं हारा था, बल्कि इंसानियत हारी थी। हरीश रावत ने इस मौके पर मौजूद लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि बेटी हम सब का सम्मान है और इस बार बेटी अनुपमा रावत वोट देकर जिताएं। भरोसा रखिए कि अनुपमा आपकी भावनाओं पर खरा उतरेगी।
लालढांग के गांधी चौक पर अनुपमा रावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने इस क्षेत्र में तहसील और आईटीआई की मंजूरी दी थी लेकिन बीजेपी सरकार के आते ही बदल दी गई। उन्होंने कहा कि फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो क्षेत्र में तहसील और आईटीआई के साथ-साथ यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं को भी बेहतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार को गये हुए 5 साल हो गए हैं फिर भी वे अपनी सरकार के कई काम गिना सकते हैं। लेकिन बीजेपी सरकार से अगर लोग विकास के पांच काम भी पूछेंगे तो वह बता नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार द्वारा गरीबों और महिलाओं के लिए कई योजनाएं बनाई गई थीं, जिन्हें बीजेपी की सरकार ने आते ही बंद कर दिया।
उन्होंने बताया कि बीजेपी सरकार ने 69000 महिलाओं की पेंशन प्रदेश में बंद कर दी हैं।
हरीश रावत ने वादा किया कि उनकी सरकार बनेगी तो महिलाओं की पेंशन 1000 से बढ़ाकर 1800 की जाएगी। हरीश रावत ने कहा कि सब परिवर्तन के लिए तैयार हो जाएं। कांग्रेस सबके हाथों में शक्ति देने का काम करेगी।
हरदा ने कहा कि उत्तराखण्ड में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले साल 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी और दूसरे साल 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। हरीश रावत ने बीजेपी सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि इस समय महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है जिससे जनता त्रस्त है। इसीको देखते हुए कांग्रेस ने चार धाम और चार काम का वादा जनता से किया है। उन्होंने कहा कि वह 5 साल में चार लाख रोजगार देंगे और उसके बाद भी अगर कोई बेरोजगार रह जाता है तो उसे बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने हर परिवार को साल में 40,000 देने का वादा भी किया। हरीश रावत ने रैली में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर कांग्रेस को समर्थन देने का वादा भी लिया। उन्होंने इस मौके पर लोगों से ‘बनाओ बनाओ कांग्रेस की सरकार बनाओ, भगाओ भगाओ बीजेपी की सरकार भगाओ’ के नारे भी लगवाए।
