हाथी का शव बरामद, आपसी संघर्ष में हुआ था घायल

 

ऋषिकेश। उत्तराखंड में वन्य जीव संरक्षण के अभियान को झटका देने वाली खबर है। तीन दिनों की संक्षिप्त अवधि में ही यहां दो हाथियों को जान गंवानी पड़ी है। गौरतलब है कि 2 दिन पहले ही राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में दो हाथियों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक हाथी की मौत हो गई थी। संघर्ष में घायल दूसरे हाथी का शव भी शनिवार को बरामद हुआ है। हाथी का शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है । आज दूसरे हाथी (30) वर्ष का शव छिद्दरवाला के पास सांग नदी में बरामद हुआ है। पार्क प्रशासन की टीम ने आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

गौरतलब है कि गुरुवार को राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के सत्यनारायण बीट में दो हाथियों के बीच मेटिंग पीरियड के चलते आपसी संघर्ष हो गया था। इसमें एक 50 वर्षीय हाथी की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरा हाथी घायल बताया जा रहा था। पार्क प्रशासन की टीम लगातार घायल हाथी की तलाश कर रही थी। आज सुबह ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग को दूसरे हाथी का शव मिलने की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पार्क की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। वन्यजीव प्रेमियों का मानना है कि अगर सही समय पर हाथी की लोकेशन मिल जाती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
इस बारे में राजाजी पार्क के निदेशक अखिलेश तिवारी के ने बताया कि मृत हाथी का शव मिला है। पहले उस का पोस्टमॉर्टम किया जायेगा उसके बाद उसे पार्क क्षेत्र में ही दफना दिया जायेगा। इस अवसर पर उप वन क्षेत्राधिकारी जेपी अन्थवाल, एसपी जखमोला व रविन्द्र सहित वन दरोगा मनोज चौहान, बीट अधिकारी नरेन्द्र सिंह गुसाईं, विक्रम सिंह पुंडीर व सुरेंद्र जोशी समेत कई कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *