संकट: भारी बारिश के चलते महिला के ऊपर गिर गया छत का हिस्सा, महिला को आई गंभीर चोट
संवाददाता
रामनगर, 09 सितंबर। उत्तराखंड में बारिश कहर बरपा रही है। भारी बारिश के कारण कहीं भूस्खलन हो रहा है तो कहीं लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। ऐसे ही रामनगर के इंदिरा कॉलोनी में एक परिवार गरीबी के कारण जर्जर छत के नीचे रहने को मजबूर है। लगातार हो रही बारिश के कारण छत गिरने का खतरा बना हुआ है। देर रात हुई बारिश से ही छत का एक भाग गिर गया। जिससे एक महिला को गंभीर चोटें भी आई हैं। पीड़ित ने शासन-प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मदद की गुहार लगाई है। बता दें कि, रामनगर के इंदिरा कॉलोनी की रहने वाली प्रेमा देवी का परिवार जर्जर छत के नीचे रहने को मजबूर है। प्रेमा देवी के पति का 17 वर्ष पूर्व लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रेमा देवी के छत का एक हिस्सा गिर गया। घटना में एक महिला को गंभीर चोटें भी आई हैं। यह घर करीब 60 साल पहले बनाया गया था। प्रेमा देवी ने बताया कि देर शाम हुई बारिश से उसके घर में आई ननद के सर पर छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे उसकी ननद के सिर पर गंभीर चोट आई है। इस पर उसे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। घायल के सर में करीब आठ टांके आए। उन्होंने मकान की मरम्मत के लिए क्षेत्रीय विधायक दिवान सिंह बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता और शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिल पा रही है। ऐसे में अब पीड़िता मौत के डर के साए में रहने को मजबूर है।
