Thursday, September 17, 2026
Latest:
सरोकार

कमिश्नर दीपक रावत ने सुनीं लोगों की शिकायतें, मौके पर ही किया समाधान 

 

हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित कमिश्नर कैंप कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम आम लोगों के लिए राहत भरा रहा। आयुक्त दीपक रावत ने लंबित समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। आयुक्त दीपक रावत की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की। जनसुनवाई के दौरान भवाली निवासी जितेंद्र कुमार का लंबे समय से लंबित ड्रग लाइसेंस आवेदन प्रमुख मामला रहा। बार-बार निरस्त हो रहे आवेदन पर आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाइसेंस स्वीकृत कर दिया, जिससे आवेदक को बड़ी राहत मिली। मंगलपड़ाव,हल्द्वानी निवासी विद्यावती ने अपने दिवंगत पति का दो वर्षों से बकाया वेतन दिलाने की गुहार लगाई। इस पर आयुक्त ने संबंधित विभाग को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रामनगर निवासी पार्वती रावत के भूमि विवाद मामले में तहसील प्रशासन को जांच कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके। वहीं बरेली रोड हल्द्वानी निवासी माया जोशी के बच्चों की स्कूल फीस का मामला भी विभागीय समन्वय से मौके पर सुलझा लिया गया, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली। आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी न्याय दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *