चुनाव प्रचार में उत्तराखंड पहुंचे भाजपा के फायर ब्रांड लीडर योगी आदित्यनाथ

नयी टिहरी। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे। यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस पर जोरदार तंज कसे। उसे डूबता जहाज बताते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस का पूरे देश से सफाया हो गया है।
उन्होंने कहा कि हिंदू सांप्रदायिक शब्द नहीं, हमारी सांस्कृतिक पहचान है, हम कहीं भी जाते हैं तो हमारी पहचान इसी से होती है।  देवभूमि में अगर कोई ‘हिन्दू’ की परिभाषा नहीं जानता है तो हुए उस पार्टी को सत्ता में आने का अधिकार तो नहीं ही होना चाहिए, कतई नहीं होना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने यूपी को अपराध मुक्त राज्य बनाने का दावा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार इसलिए भी जरूरी है कि अगर यूपी में अपराधियों पर कार्रवाई होती है तो पड़ोसी राज्य होने के कारण वह भागकर उत्तराखंड की तरफ आएंगे। उन्होंने आगे कहा कि वैसे यूपी में वह अपराधियों को छोड़ते नहीं, लेकिन फिर भी अगर वो भागकर उत्तराखंड आते हैं तो उनके खात्मे के लिए उत्तराखंड में भाजपा की सरकार जरूरी है।

यहां से योगी आदित्यनाथ कोटद्वार पंहुचे, जहां उन्होंने गढ़वाल में चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन हेतु विशाल रैली की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सुरक्षा का दायित्व उत्तराखंड के लोगों पर है इसलिए उत्तराखंड को अपराधियों का गढ़ ना बनने दें। उन्होंने कहा कि विकास कार्य भारतीय जनता पार्टी की पहली प्राथमिकता है। लेकिन अपराधियों पर नकेल कसना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सचेत किया कि अक्सर यूपी के अपराधियों के पास पड़ोसी राज्यों में छिपने का विकल्प रहता है। ऐसे में उत्तराखंड को अपराधियों की गतिविधियों का केन्द्र बनने से रोकना बहुत जरूरी है। यह तभी संभव होगा जब उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *