चुनाव प्रचार में कोटद्वार से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी सबसे आगे
कोटद्वार। विधानसभा चुनाव को लेकर यहां सभी उम्मीदवारों का प्रचार कार्य चरम पर पहुंच गया है। प्रचार अभियान के मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के लोकप्रिय नेता सुरेन्द्र सिंंह नेगी सभी प्रतिद्वंद्वियों पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। अंतिम दौर के चुनावी प्रचार को तेज करते हुए नेगी विधानसभा के तहत विभिन्न स्थानों में नुक्कड़ सभाओं के साथ ही घर-घर जाकर लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह नेगी ने क्षेत्र में युवाओं के साथ बैठक कर उन्हें कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही रोजगार मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। विभिन्न स्थानों में लोगों से जनसम्पर्क करने के दौरान नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह नेगी ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार को मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में घरेलू गैस की कीमत मात्र साढ़े चार सौ रुपये थी, जो भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़कर एक हजार से ज्यादा का हो गया है। पहाड़ों में घरेलू गैस सिलेंडर डेढ़ हजार रुपए से ज्यादा का पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी होने से आम लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेगी ने कहा कि प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार अपने विकास कार्यों को नहीं गिना पा रही है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्यों को अंजाम दिया गया था। उन्होंने विधानसभा कोटद्वार का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेस हास्पिटल, भगवंत ग्लोबल यूनिवर्सिटी, भाबर में एक अन्य डिग्री कालेज, ऑडोटोरियम व आयुर्वेद चिकित्सालय सहित बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए गए। लेकिन भाजपा के नेता अपना एक भी विकास कार्य जनता को नहीं बता पा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि उनका मकसद सिर्फ कोटद्वार का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कोटद्वार में मेडिकल कालेज का निर्माण, टाइगर सफारी का संचालन केन्द्र कोटडीढांग सनेह से संचालित करना, कण्वाश्रम का समग्र विकास, नगर निगम के द्वारा थोपे जा रहे समस्त प्रकार के टैक्सों को समाप्त करना, विकास प्राधिकरण को समाप्त करना, बेरोजगारों को रोजगार के अवसर विकसित करना, महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से उनकी आर्थिकी को बढ़ाने सहित कोटद्वार को नशामुक्त करना है। दिलचस्प बात यह है कि बगैर स्टार प्रचारकों के अपने चुनाव प्रचार में जुटे सुरेंद्र सिंह नेगी की जनसभाओं में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उनके साथ चल रहे लोगों के जत्थे स्वत: ही रैली की शक्ल ले रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान लोगों का रुझान अबकी बार कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह नेगी को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा देता नज़र आ रहा है। लगता है कि कोटद्वार विधानसभा के मतदाता 2017 की भूल को सुधारने के मूड में हैं। प्रचार में पिछड़ रही उनकी प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार अपने पिता के प्रभाव और अपने पक्ष में संभावित जातिय ध्रुवीकरण के सहारे चुनावी विजय की आस लगाए हुए है।
