भाजपा नेता का अश्लील ऑडियो वायरल, कांग्रेस ने बताया शर्मनाक
देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल एक अश्लील ऑडियो ने उत्तराखंड की राजनीति में हंगामा बरपा दिया है। कथित रूप से भाजपा के केबिनेट मंत्री एवं उम्मीदवार का बताया जा रहा यह अश्लील ऑडियो पार्टी के लिए मुश्किलों का सबब बनता जा रहा है। किसी परिचित महिला के साथ हुई मंत्री की अंतरंग बातचीत का यह ऑडियो सार्वजनिक रूप से या परिवार के बीच में सुनने लायक नहीं है।
उत्तराखंड में आगामी सोमवार को होने जा रहे मतदान को देखते हुए चुनाव लड़ रहे राजनीतिक दलों ने प्रचार के अंतिम दौर में अपनी ताकत झोंक दी है। चुनावी गहमागहमी में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है तो राजनीतिक विरोधियों की व्यक्तिगत छवि को ख़राब करने के लिए बदजुबानी भी जोरों पर है। चुनावी सरगर्मियों के बीच नेताओं की असलियत खोलने वाले कई तरह के ऑडियो- वीडियो भी सामने आ रहे हैं। ताज़ा ऑडियो भाजपा के एक कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव में उम्मीदवार का सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। मतदान से ठीक पहले लोगों के बीच फ़ैल रहे कैबिनेट मंत्री व कुमाऊं से भाजपा उम्मीदवार के इस अश्लील ऑडियो से भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस ऑडियो में भाजपा के बुजुर्ग पूर्व अध्यक्ष एक महिला से काफी अंतरंग बातें करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में महिला मंत्री से अपनी नौकरी को लेकर बात कर रही है। इसी दौरान दोनों के बीच कामुकता भरी बातें शुरू हो जाती हैं। गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व यह बुजुर्ग नेता भाजपा अध्यक्ष रहते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री दिवंगत डॉ इंदिरा हृदयेश पर भी की गई अपनी अशोभनीय टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में आए थे। तब काफी छीछालेदर होने के बाद इस नेता को माफी भी मांगनी पड़ी थी। वर्तमान में ये भाजपा नेता कुमाऊं की एक विधानसभा सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैैं। हालांकि, हम इस ऑडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करते और न ही इसे अपने पाठकों को सुना सकते हैं ।
उत्तराखंड में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व मौजूदा मंत्री के इस वायरल अश्लील ऑडियो को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस ने इस मामले पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। पार्टी की गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा मेहरा दसौनी ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने मानवीय गरिमा की सारी हदें तोड़ दी हैं। गरिमा ने कहा कि उत्तराखंंड में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक लंबी फेहरिस्त है जिन पर मातृशक्ति के लगातार उत्पीड़न व शोषण के लांछन लगे हैं। अब उस फेहरिस्त में प्रतिष्ठित और वरिष्ठ नेता का नाम जुड़ने से प्रदेशवासी हतप्रभ हैं।
गरिमा दसौनी ने कहा कि सूबे के अध्यक्ष रहे नेता का ऑडियो ऐसे वक्त पर आया है जब प्रदेश विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़ा है ।
दसौनी ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता के इस ऑडियो ने भारतीय जनता पार्टी की नैतिकता को चौराहे पर बेनकाब कर दिया है। इससे पहले भी संगठन महामंत्री संजय कुमार द्वाराहाट विधायक महेश नेगी और विधायक सुरेश राठौर पर भी महिला यौन उत्पीड़न के प्रकरणों में संलिप्तता के आरोप लग चुके हैं।
कांग्रेस नेता दसोनी ने कहा कि चाल, चेहरे और चरित्र की बात करने वाली भाजपा को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की आड़ में भारतीय जनता पार्टी के नेता कुकृत्य कर रहे हैं उससे तो यही लगता है कि आज प्रदेश की महिलाओं और बच्चियों को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से बचाने की जरूरत है। दसोनी ने अश्लील ऑडियो के इस पूरे प्रकरण को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और उत्तराखंड के लिए शर्मनाक करार दिया है।
