अल्मोड़ा में विरोधियों पर जमकर बरसे पीएम मोदी

अल्मोड़ा। चुनाव प्रचार के लिए शुक्रवार को उत्तराखंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता कभी भी नेक नीयत का साथ नहीं छोड़ते और न ही कभी अच्छा कार्य करने वाले को भूलते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा को जिताने के लिए जनता खुद जुटी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जो देखा है उससे तो यही लगता है कि इस चुनाव को भाजपा से ज्यादा जनता खुद लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करने वालों को अल्मोड़ा के मतदाताओं का उत्साह देखना होगा और यह उत्साह दिखा रहा है कि फिर एक बार भाजपा सरकार आने वाली है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जानती है कि भाजपा ही इस दशक को उत्तरखंड उज्ज्वलता का दशक बना सकती है। उन्होंने कहा कि फिर एक बार भाजपा की सरकार बनानी है ताकि जितनी ऊंचाई पहाड़ों की है उतनी ऊंचाई तक उत्तराखंड को पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि
बीजेपी का संकल्प पत्र भी विकास की नई ऊर्जा से भरा हुआ है। विकास तभी होता है जब बिना स्वार्थ के साथ किया जाय। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास की अवधारणा को लेकर चल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विरोधियों के कारनामे, करतूत और भाषा बताती है कि वह सबमें डालो फूट मिलकर करो लूट के सिद्धांत पर चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही नीति रही है और उत्तराखंड की जनता इस साजिश का शिकार हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तरखंडियों को हमेशा कुमाऊंनी गढ़वाली और तराई के नाम पर लड़ाने का प्रयास किया लेकिन उनके लिए पूरा उत्तराखंड देवभूमि है और एक एक बच्चा देवतुल्य है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि अगले पांच सालों को उत्तराखंड का दशक बनाने का मौका मत जाने ​दीजिए । कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड मानसखंड टूरिस्ट सर्किट बनने वाला है । मोदी ने कहा कि हल्द्वानी में ही 17 हजार करोड़ रुपये का विकास कार्यों के लोकार्पण का मौका उन्हें मिला था। इससे रोजगार और पर्यटन की असीम संभावनाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को कोरोना से बचाने का प्रयास किया। अब पहाड़ों में रेल भी पहुंचने वाली है। यह सपना आने वाले समय में जरूर साकार होगा और हम ही पूरा करेंगे। अब देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस वे बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह यहां के हर इलाके से परिचित हैं। पहाड़ की ताकत और सामर्थ्य तथा नेकनीयत और ईमानदारी को वे जानते हैं। इसलिए यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए उत्तराखंड का विकास सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसे देखते हुए ही पर्वतमाला परियोजना बनाई गई है। पूर्व की सरकारों से पहाड़ की हमेशा से उपेक्षा की।
कहा कि आधुनिक सड़कों के साथ ही आने जाने के लिए रोपवे भी बनाए जाएंगे। सीमा में सटे गांवों के विकास के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी। यहां के लोग मातृभूमि के लिए अपनी जान लगाने वालों की सीमावर्ती गांवों की अनदेखी अब नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *