जिलाधिकारी की पहल पर ‘ग्राम चौपाल का आयोजन, समस्याएं सुनने को पहुंचे दो किमी पैदल चलकर

रुद्रप्रयाग। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित 02 किमी पैदल चलकर ग्राम मल्यासू तल्ला में आयोजित ग्राम चौपाल में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्राम प्रधान मल्यासू तल्ला विमल चौहान ने जिलाधिकारी को गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिसमें उन्होंने गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने, गांव में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को दुरस्त करने, मुख्य सड़क मार्ग से गांव के पैदल मार्ग को ठीक कराने की मांग के साथ ही उन्होंने जंगली जानवरों से ग्रामीणों की फसलों को किये जा रहे नुकसान को रोकने के लिये घेरबाड़ कराने की भी मांग की गयी। उन्होंने गांव में सौर ऊर्जा द्वारा लगायी गयी खराब स्ट्रीट लाईटों को बदलवाने । गांव में प्राचीन मन्दिर डूब क्षेत्र में आने के कारण मन्दिर को गांव में किसी अन्य उचित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पुराने क्षतिग्रस्त पुल को भी ठीक करने की मांग की, जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। ग्रामीणों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि हाईड्रम योजना के तहत लघु सिंचाई विभाग द्वारा गांव के लिये पेयजल व्यवस्था की गयी थी। उक्त योजना डूबक्षेत्र में होने से पानी का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने हाईड्रम योजना को सुचारू कराने की मांग की।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्थ करते हुये कहा कि उनके द्वारा जो भी समस्याएं ग्राम चौपाल के दौरान रखी गयी हैं, उन मूलभूत समस्याओं का तत्परता से संबंधित विभागों द्वारा समाधान किया जायेगा। उन्होंने गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिये लोनिवि के अधिकारी को इस संबंध में पूर्ण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। पेयजल व्यवस्था को जल जीवन योजना के तहत पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के लिये जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। गांव के पैदल मार्ग को मनरेगा योजना से दुरस्त करने व ग्रामीणों की फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षित करने के लिये घेरबाड़ के लिये खंड विकास अधिकारी जखोली को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सौर उर्जा विभाग द्वारा लगायी गयी स्ट्रीट लाईटों को भी संबंधित विभाग द्वारा तत्परता से ठीक करवाने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आंगनबाड़ी में अध्ययनरत बच्चों की जानकारी प्राप्त करते हुए बच्चों को नियमित टी.एच.आर. उपलब्ध कराये जाने तथा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही मनरेगा द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की।
ग्राम चौपाल के अवसर पर खंड विकास अधिकारी जखोली सूर्यप्रकाश शाह, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश शाह, श्रीमती साधना उप ग्राम प्रधान, जसपाल सिंह, वरुण रावत अभियंता लोनिवि, श्रीमती लक्ष्मी राजस्व उप निरीक्षक, सौरव असवाल, वैयक्तिक सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

