पेरोल पर छूट कर आये पिता ने बेटी को दी जान से मारने की धमकी, पत्नी की हत्या के मामले में गया था जेल

हल्द्वानी। पत्नी की हत्या के बाद जेल में बंद पति पैरोल पर बाहर आया तो उसने अपनी बेटी को भी जान से मारने की धमकी दे डाली।
मिली जानकारी के अनुसार चमोली जेल से पैरोल पर छूटे पिता ने बेटी को धमकी दी है। बेटी ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह मां की हत्या की प्रत्यक्षदर्शी है और पिता से उसे जान का खतरा है।
मयूर विहार तल्ली हल्द्वानी निवासी नेहा ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उसके पिता सुखदेव सिंह ने मां मधु की हत्या उसके सामने की थी। वह और उसकी मौसी इस वारदात की प्रत्यक्ष गवाह हैं और उन दोनों ने कोर्ट में गवाही दी थी। उसके बाद पिता सुखदेव सिंह को कोर्ट ने आजीवन कारावास का दंड सुनाया।
वर्तमान में उसके पिता सुखदेव चमोली जेल में सजा काट रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से वह अपनी माता के निधन पर 26 जनवरी तक पैरोल पर अपने गांव थाना न्यूरिया, पीलीभीत उत्तरप्रदेश आए थे। पैरोल के दौरान पिता उन्हें कॉल कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
26 जनवरी को वह हल्द्वानी पहुंचे और संजू जयसवाल नाम के व्यक्ति को उनके घर भेजकर मिलने के लिए बुलाया। युवती ने पिता पर पैरोल की शर्तें तोड़कर घूमने व धमकी देने का आरोप लगाया है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुखदेव पर धमकी की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *