Wednesday, August 19, 2026
Latest:

पुलिस ने लाखों की कीमत का स्मैक के साथ दो नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

 

रुद्रपुर। कोतवाली बाजपुर पुलिस ने चैकिंग के दौरान नशे के दो सौदागरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लाखों रुपए की स्मैक बरामद की। दोनों तस्करों को कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। शनिवार को एसएसपी डॉ मंजुनाथ टिसी ने पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सीओ बाजपुर भूपेन्द्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने शुक्रवार की रात को चैकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 73.12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। दोनों बाजपुर-दोराहा रोड फ्लाईओवर के नीचे संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नदीम, निवासी ग्राम गुलडिया, थाना मीरगंज, बरेली तथा नरेश पाल बताया। दोनों ने पूछताछ में स्मैक वहां से लाकर ऊधमसिंहनगर में बेचने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि जनपद में नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। टीम में प्रभारी निरीक्षक बाजपुर प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसआई देवेंद्र सिंह,एसआई प्रकाश चंद्र, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह व जगदीश आदि शामिल थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषण की है। खुलासे के दौरान सीओ बाजपुर भूपेंद्र सिंह भंडारी भी मौजूद थे। इस बीच एसएसपी डॉ मंजुनाथ टिसी ने खुलासा के दौरान विवेचना अधिकारी के न पहुंचने पर नाराज़गी जताते हुए हिदायत दी। एसएसपी ने सीओ बाजपुर को विवेचना अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने पीआरओ को निर्देश दिए कि आगे से खुलासे के दौरान विवेचना अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *