56 साल पहले लापता हुए सैनिक नारायण सिंह बिष्ट का शव पहुंचा घर, इलाके में माहौल गमगीन
1968 में रोहतांग दर्रे में वायुसेना की विमान दुर्घटना में लापता हो गए थे कई सैनिक
चमोली। जिले के थराली तहसील के गांव कोलपुड़ी के लापता सैनिक नारायण सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर 56 साल बाद गुरूवार को अपने घर पहुंचा। छह गनेडियर रुद्रप्रयाग की बटालियन ने पार्थिव शरीर को गौचक हेलीपैड पर सलामी दी। गौचर से पार्थिव शरीर को रुद्रप्रयाग ले जाया गया। जहां से गुरुवार को पार्थिव शरीर की थराली कोलपुड़ी अंत्येष्टि की गई। कोलपुड़ी गांव के प्रधान और नारायण सिंह बिष्ट के भतीजे जयवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते सोमवार को सेना के अधिकारियों ने उनकी पहचान होने की सूचना दी थी। सेना के अधिकारियों ने जयवीर सिंह को बताया कि बर्फ में शव सुरक्षित था। डीएनए सैंपल लिया गया। बताया कि रिकाॅर्ड के अनुसार नारायण सिंह सेना के मेडिकल कोर में तैनात थे। उन्होंने बताया कि जेब में मिले पर्स में एक कागज से उनकी पचहान की पुष्टि हो पायी। कागज में कोलपुड़ी और बसंती देवी नाम दर्ज था। साथ ही उनकी वर्दी के नेम प्लेट पर भी उनका नाम लिखा था।
बता दें कि नारायण सिंह वर्ष 1968 में हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में वायुसेना के एएन-12 विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर लापता हो गए थे। 56 साल बाद जिन चार सैनिकों के अवशेष मिले हैं उनमें एक कोलपुड़ी गांव के नारायण सिंह बिष्ट का शव भी शामिल है।
