अपराध

20 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े शराब तस्कर, लग्जरी कार जब्त

हरिद्वार। लग्जरी कार में शराब तस्करी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 20 पेटी अंग्रेजी शराब व तस्करी में प्रयुक्त कार भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ शराब तस्कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब डिलीवरी हेतु आने वाले हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध लग्जरी कार में सवार दो लोग आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह कार छोड़कर भागने लगे। इस पर उन्हें घेर कर रोक लिया गया। कार की तलाशी के दौरान उसमें रखी 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अंकित पुत्र मूलचन्द, निवासी ग्राम भारापुर भौरी, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार व मोनू पुत्र महेन्द्र, निवासी ग्राम भारापुर भौरी, थाना बहादराबाद जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस ने दोनों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *