रामलीला मंचन के दौरान चचेरे भाई ने गोली मारकर भाई को उतार दिया मौत के घाट
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत देर रात को रामलीला में किसी पात्र की भूमिका निभा रहे पुत्र की अदाकारी देखने गए पिता को उसी के चचेरे भाई ने गोली से उड़ा दिया। रामलीला कार्यक्रम में गोली मारने की घटना से दर्शकों की भीड़ में अफरातफरी मच गयी। हत्यारोपी वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पूरी रात आरोपी की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिशें दी पर अब तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलुवागांजा में रात को रामलीला का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान चचेरे भाई ने रामलीला देख रहे दूसरे भाई को गोली मार दी, और वहां से आरोपी फरार हो गया।
स्थानीय लोग और परिजन युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम उमेश नैनवाल बताया जा रहा है, जिसे उसके ही चचेरे भाई दिनेश नैनवाल ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर दोनों भाइयों में काफी दिनों से रंजिश चली आ रही थी। बताया जा रहा है कि मृतक उमेश नैनवाल का बेटा रामलीला में किसी पात्र की भूमिका निभा रहा था। सोमवार रात को रामलीला का आयोजन चल रहा था, मृतक उमेश नैनवाल अपने बेटे के किरदार को देखने के लिए रामलीला में पहुंचा था। इस दौरान उमेश नैनवाल का चचेरा भाई दिनेश नैनवाल भी रामलीला में पहुंचा और सैकड़ों दर्शकों की मौजूदगी में उमेश नैनवाल को गोली मारकर भाग निकला। गोली मारने की घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रात भर पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिशें देती रही, पर उसका कुछ पता नहीं चल सका। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि घटना की बारीकी से छानबीन की जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुट गईं हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
