अपराध

होल्ड खातों में जमा रकम वापस दिलाने की मांग, तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार

काशीपुर।  साइबर ठगी के पीड़ित ने पुलिस से होल्ड खातों में जमा रकम वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही खाता धारकों के खिलाफ करवाई की मांग भी की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात खाता धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोहल्ला सिंघान निवासी दीनदयाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि फरवरी और मार्च में ट्रेंडिंग एप टेलीग्राम पर ट्रेडिंग में निवेश का फायदा दिखाकर साइबर ठग ने 12 लाख रुपए का निवेश करवा लिया। इसके बाद उसकी रकम वापस नहीं आई। लेकिन साइबर सेल में शिकायत के बाद कुछ खातों में पैसे को होल्ड कर दिया गया था। जो पैसा उसको अभी तक नहीं मिला है। उसने वह पैसा वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही खाताधारकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात खाता धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, कुंडा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को 315 बोर के तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। टीम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को कुंडा थाना के एसआई जितेंद्र कुमार टीम के साथ कुदैयेवाला मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हरियावाला स्थित कत्यानी पेपर मिल के निकट निर्माणाधीन बाईपास के पास एक संदिग्ध युवक उनको बैठे हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करके उसको दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम नफीस अहमद उर्फ मंत्री निवासी भट्टा कॉलोनी नई बस्ती थाना जसपुर बताया। बताया कि वह पहले भी एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *