दरोगा ने महिला को जड़ा थप्पड़, सियासी दबाव में आरोपी को किया गया लाइन हाजिर
रुद्रपुर। चोरी का मोबाइल फोन खरीदने के आरोप में पुलिस ने जिस युवक को 5.30 घंटे चौकी में बैठाने के बाद 1500 रुपये लेकर छोड़ा। अगली सुबह उसका शव घर पर फंदे से लटका मिला। पुलिस पर आरोप है कि उसकी शारीरिक और मानसिक प्रताणना से त्रस्त युवक ने खुदकुशी कर ली। इतना ही नहीं पुलिस जब युवक का शव लेने उसके घर पहुंची तो वहां उसकी भाभी को एक दरोगा ने थप्पड़ भी मार दिया। इससे नाराज लोग भड़के तो सियासी दबाव में एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रम्पुरा वार्ड नंबर 23 निवासी अनिल कोली (25) पुत्र स्व.लेखराज कोली पर मोहल्ले के ही शुभम ने उसका चोरी हुआ मोबाइल खरीदने का आरोप लगाया था। सोमवार शाम करीब छह बजे शुभम ने अनिल के घर जाकर मोबाइल लौटाने के लिए कहा। दोनों के बीच बहस होने पर अनिल के छोटे भाई दिनेश ने चौकी जाकर पुलिस से मामला सुलझाने को कहा। शाम सात बजे दिनेश, अनिल और शुभम चौकी पहुंच गए। शुभम ने पहले ही चौकी में मोबाइल चोरी होने की तहरीर दी थी। पुलिस ने दिनेश और अनिल को चौकी में बैठा लिया जबकि शुभम को घर जाने दिया।
आरोप है कि चौकी में पुलिस ने अनिल की बेरहमी से पिटाई की। सिपाही ने उसे तीन हजार रुपये लेकर छोडने की बात भी कही। दिनेश ने बताया कि उसने अपने साथी से 1500 रुपये लेकर सिपाही को दिए। रात करीब साढ़े 12 बजे दिनेश अपने भाई अनिल को लेकर घर पहुंचा और अलग कमरे में सो गया। मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो अनिल का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने लगी तो अनिल की भाभी आशा ने भाइयों के आ जाने के बाद शव ले जाने देने की बात कही। अनिल की छोटी बहन पुष्पा के अनुसार पुलिस ने घर में मौजूद सभी लोगों को बाहर कर दिया और कमरे में उनकी भाभी के साथ एक दरोगा ने पिटाई और गाली-गलौज की, जिससे वह बेहोश हो गईं। घटना से नाराज लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली में प्रदर्शन कर आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बाद विधायक शिव अरोरा और मेयर रामपाल सिंह भी वहां पहुंच गये। मामला बढ़ते देख कर एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।

