सीएम धामी ने दिए चिकित्सक व स्वास्थ्य सचिव के बीच विवाद की जांच के आदेश

 

देहरादून। दून अस्पताल की डॉक्टर और स्वास्थ्य सचिव की पत्नी के बीच हुए विवाद का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद डॉक्टर निधि का अल्मोड़ा तबादला निरस्त कर दिया गया है। कल यानी गुरुवार को सचिव स्वास्थ्य पंकज पांडे की पत्नी को दून अस्पताल प्रशासन के निर्देश पर उनके घर देखने पहुंची डॉ निधि के साथ उनकी पत्नी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की खबर आई थी। इसकी शिकायत उन्होंने अस्पताल प्रशासन से की थी लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें सचिव की पत्नी से माफी मांगने को कहा गया। माफी मांगने से इंकार करने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनका अल्मोड़ा तबादला कर दिया गया। इस पर डॉ निधि ने अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में साफ लिखा कि उनकी जब कोई गलती नहीं है तो वह माफी क्यों मांगे ? सरकार ने फिलहाल डॉक्टर निधि के अल्मोड़ा तबादले को निरस्त करने के आदेश दे दिए हैं। साथ ही इस मामले की जांच के लिए भी एक कमेटी गठित कर दी गई है। हालांकि सचिव स्वास्थ्य पंकज पांडे डाॅक्टर के तबादले को प्रक्रिया का हिस्सा बता रहे हैं।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत जब इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए डॉक्टर निधि का तबादला रोकने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू को इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उसके बाद मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू ने अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार को तथ्यात्मक आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर शासन को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *