सड़क हादसे में चोरगलिया के इलेक्ट्रीशियन की मौत
हल्द्वानी। सितारगंज में मंगलवार रात हुए एक सड़क हादसे में चोरगलिया निवासी इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि गोविंदपुर, चोरगलिया निवासी 38 वर्षीय जगदीश प्रसाद पेशे से इलेक्ट्रीशियन थे। वह बिजली की फिटिंग या इससे जुड़े काम किया करते थे। मंगलवार को वह किसी काम के सिलसिले में सितारगंज गए थे। रात सवा आठ बजे के आसपास सितारगंज में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल को अस्पताल लाने में ही तीन घंटे लग गए, जिस कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया जाता तो जल्दी उपचार मिल सकता था। प्रभारी मेडिकल चौकी बीएस मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
435 ग्राम चरस के साथ एक गिरफ्तार
उधर, वनभूलपुरा पुलिस व एएनटीएफ टीम ने तकरीबन आधा किलो चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएचओ दिनेश फत्र्याल ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार रात पुलिस ने वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पाया कि एक युवक उन्हें देखकर भाग रहा है। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो 435 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और बरामद माल कब्जे में लिया। आरोपी की पहचान गोपाल सिंह चिलवाल निवासी ओखलकांडा, खनस्यू के रूप में हुई है। पुलिस टीम में एसआई मनोज कुमार, कांस्टेबल मो.यासीन शामिल रहे।

