उत्तराखंड

दो मंजिला मकान में लगी आग, सामान जलकर हुआ राख

देहरादून। चकराता तहसील के कंधाड गांव में बलदेव सिंह के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से मकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से पीड़ित परिवार के सामने ठंड में सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। आग के कारणों का पता नहीं लग पाया है। जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब पांच बजे के चकराता तहसील के कंधाड गांव निवासी बलदेव सिंह पुत्र स्व. गुल्लू का दो मंजिला मकान आग लगने से जल गया। गनीमत रही कि उस समय मकान में कोई नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीण अर्जुन सिंह ने बताया कि शाम के समय सभी लोग पशु चराने व खेतों में काम करने गए थे। बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान मकान में आग लग गई। खेतो में काम कर रहे परिजनों ने आग धधकती देखी तो वे मकान की ओर दौड़े। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। जब तक वे आग बुझाने का प्रयास करते तब तक मकान राख हो गया था। मकान का अधिकांश हिस्सा लकड़ी का बना होने के कारण आग तेजी से फैली। मकान में रखे बर्तन, बिस्तर कपड़े और टीवी आदि राख हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित अनुसूचित जाति का व्यक्ति है। वह आर्थिक रूप से कमजोर है। आग लगने से उनका लाखों का नुकसान हुआ है। उन्होंने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को देकर मुआवजे की मांग की है। तहसीलदार चकराता रूप सिह ने बताया कि संबंधित पटवारी को जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *