अपराध

वाहन चोर गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, मोटर मैकेनिक समेत चार गिरफ्तार

कोटद्वार। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। एक मोटर मैकेनिक समेत चार वाहन चोरों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटर साइकिल और पुर्जे बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर चारों को जेल भेज दिया गया। कोतवाल प्रदीप सिंह नेगी ने बताया कि एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर एसएसआई अनिल सिंह चौहान के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने शहर में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें तीन संदिग्धों को चोरी की मोटर साइकिल ले जाते हुए देखा गया। पुलिस टीमें तीनों की तलाश में जुट गईं। उनके नजीबाबाद क्षेत्र के आसपास के निवासी होने का पता चला। कोतवाल ने बताया कि 24 जनवरी को तीनों के कोटद्वार के आसपास घूमने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तीनों को बीईएल रोड से चोरी की मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। तीनों की पहचान ग्राम कोटकादर, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर, यूपी निवासी मुकुल, सौरभ और राजीव नगर, तल्ली काडोली, थाना रायपुर, देहरादून के वंश के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक मोटर साइकिल व पुर्जे बरामद किए गए।
कोटकादर के मैकेनिक को बेची जाती थीं मोटर साइकिलें
कोतवाल प्रदीप सिंह नेगी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोटर साइकिल दो माह पूर्व घराट रोड, कोटद्वार से चोरी की थी। चोरी की गई अन्य तीन मोटर साइकिलों को कोटकादर, थाना नगीना देहात, बिजनौर निवासी अजय को बेची थी जो पेशे से मोटर मैकेनिक है। अजय ही चोरी की मोटर साइकिलों के पुर्जे अलग-अलग कर बेचता है। आरोपियों की निशानदेही पर टीम ने अजय की दुकान से दो बाइक, पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने मोटर मैकेनिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *