सरोकार

रुद्रप्रयाग के दशज्यूला क्षेत्र में सड़क बंद होने से साढ़े 6 हजार से अधिक लोग परेशान

रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दशज्यूला के सारी-बिजराकोट मोटर मार्ग के साथ ही क्षेत्र की अन्य कई सड़कों के बीते डेढ़ माह से बंद होने से साढ़े 6 हजार लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दर्जनभर गांवों के लोगों को पैदल चलना पड़ रहा है जबकि लिंक मार्ग अवरुद्ध होने से 15 से 20 छोटे-बड़े वाहन भी गांवों में ही फंसे हैं। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना काफी कठिन हो गया है। गंभीर रूप से बीमार महिला को बामुश्किल दो किलोमीटर पैदल नीचे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ा। स्कूली छात्र-छात्राओं को भी रोजाना पैदल लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की स्थिति और भी खराब है। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि सारी-बिजराकोट और दशज्यूला क्षेत्र की सड़कों का मिसिंग लिंक सहित ढुंग मोटर मार्ग के ठप होने से पूरे दशल्यूला क्षेत्र के लोग परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा और दैनिक जरूरतों के लिए भारी कठिनाई झेलनी पड़ रही है। बार-बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी तीन दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव पर भी संकट आ सकता है। प्रशासन को शीघ्र सड़क ठीक करनी होगी। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष लखपत भंडारी ने कहा कि पीएमजीएसवाई और एनपीपीसी सहित पीडब्ल्यूडी की घोर लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नीमा देवी और सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण नेगी ने भी आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें दिन प्रतिदिन बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *