बारिश के कारण टूट गया पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर बस अड्डे का पुश्ता, सड़क पर मलबा आने से आवाजाही में परेशानी
पौड़ी। भारी बारिश से सोमवार को जिले के 12 मोटरमार्गों पर यातायात ठप रहा। पौड़ी-देवप्रयाग मोटरमार्ग पर नए बस अड्डे का पुश्ता टूटने से मार्ग बाधित हो गया। यहां पर पुश्ते का भारी मलबा आने से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, लोनिवि जेसीबी लगाकर मार्ग पर यातायात बहाल करने में जुटी हुई है। शहर में बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वार्ड एक के सभासद सूरज बिष्ट, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश से नए बस अड्डे का पुश्ता टूटने से खतरा पैदा हो गया। बताया कि पिछले चार साल से यहां पर पुश्ता क्षतिग्रस्त पड़ा था कई बार लोनिवि को बताने के बाद भी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बताया कि यहां पर स्थित कंडोलिया मंदिर के साथ ही सस्ता गल्ला की दुकान व अन्य दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। बताया कि यहां पर कई पेड़ भी गिरने की स्थिति में है। जिससे कभी भी कोई बड़ी घटना घटित हो सकती है। बताया कि जल्द ही इसको लेकर लोनिवि का घेराव किया जाएगा। वहीं, भारी बारिश से पौड़ी में कंडोलिया पार्क के बाहर सड़क पर बरसाती पानी जमा होने से भी लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर युवा कांग्रेस व एनएसयूआई ने बरसाती पानी में जाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध कर रहे युवा आयुष भंडारी, राजेश भंडारी, नितिन बिष्ट, अमन नयाल, अरविंद नैथानी, नवीन नेगी आदि ने कहा कि पिछले लंबे समय से यहां पर बरसाती जमा होने से शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि कई बार प्रशासन को समस्या से अवगत कराने के बाद भी हल नहीं निकाला जा रहा है। कहा कि जल्द ही समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
