अपराध

फाइनेंस कंपनी कर्मचारी को दिनदहाड़े लूटा, बदमाशों की धरपकड़ में जुटी पुलिस

रुड़की।  लक्सर खानपुर हाईवे पर देहात से वसूली कर लौट रहे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से छह बदमाशों ने दिनदहाड़े 54 हजार की नकदी लूट ली। कर्मचारी की तहरीर पर खानपुर पुलिस मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में देवबंद क्षेत्र के गांव असरपुर कंजारी निवासी अंकुर सैनी पुत्र शिवकुमार सैनी एक फाइनेंस कंपनी की लक्सर शाखा में काम करता है। कंपनी देहात में महिलाओं को रोजगार के लिए लोन देती है। अंकुर इनसे वसूली करने गांवों में जाता था। गत दिवस वह खानपुर क्षेत्र में वसूली के लिए गया था। देर शाम वह चंदपुरी गांव के समूह से आखिरी वसूली करके बाइक से वापस लक्सर के लिए चला था। खानपुर लक्सर हाईवे पर गोवर्धनपुर चौकी के पास पीछे से दो बाइक पर छह बदमाश आए। उन्होंने अंकुर की बाइक को ओवरटेक करके रुकवाया, और उनके पास मौजूद कंपनी के 54 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद वे अंकुर को धमकी देकर भाग गए। उनके जाने के कुछ देर पश्चात अंकुर ने खानपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। बाद में अंकुर ने थाने में घटना की तहरीर दी। एसओ रविंद्र शाह ने बताया कि तहरीर पर एफआईआर पंजीकृत कर जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *