पुलिस ने किए नशे की गोलियां बेचते पति-पत्नी सहित तीन गिरफ्तार, नशे की गोलियां व नगदी बरामद
उधमसिंहनगर। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बीते रोज देर शाम बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पति-पत्नी सहित तीन नशा कारोबारियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 हजार से अधिक नशीली गोलियां व नौ लाख रुपये की नगदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम किच्छा थाना पुलिस रेलवे स्टेशन से बंदिया भट्टा की ओर पैदल गश्त कर रही थी। इस दौरान किच्छा-नैनीताल मार्ग पर स्थित बंदिया भट्टा के पास पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक घर में नशे की गोलियों का व्यापार हो रहा है और काफी मात्रा में नशे की गोलियां युवाओं को बेची जा रही हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बंदिया भट्टा में जाकर देखा तो उस घर में मौजूद सभी व्यक्ति नशे की गोलियां बेच रहे थे। मौके पर मौजूद व्यक्तियों और पूरे घर की तलाशी ली गई तो तीन आरोपियों के कब्जे से लगभग 2000 नशे की गोलियां और नशे की गोलियों को बेचकर कमाए गए लगभग नौ लाख रुपए बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सुरेंद्र उर्फ रिंकू पुत्र स्वर्गीय कुलवंत, निवासी वार्ड नंबर 5, बंदिया भट्टा किच्छा, उधमसिंहनगर, बलजीत कौर उर्फ सिमरन, पत्नी सुरेन्द्र व वीरेंद्र उर्फ काके पुत्र स्वर्गीय कुलवंत बताया। उन्होंने बताया कि वे नशे की गोलियां गाजियाबाद क्षेत्र में किसी व्यक्ति से लाते हैं। बहरहाल पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
