अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दबोचा तस्कर, चोरी का अभियुक्त भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड को 2025 तक नशामुक्त बनाए जाने के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने व नशा तस्करों पर समय-समय पर शिकंजा करने के आदेश निर्गत किए गए हैं। कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा बीती रात दुर्गा मंदिर के सामने प्रजापति नगर कोटद्वार स्थित एक परचून की दुकान में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को दुकान में खाद्य सामग्री के बीच छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के चार दर्जन से अधिक पव्वे बरामद किए गए। पुलिस ने दुकान मालिक पवन वर्मा पुत्र स्व. हुकम सिंह निवासी प्रजापति नगर कोटद्वार को 27 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की और 25 पव्वे 8 पीएम व्हिस्की के बरामद कर अभियुक्त के खिलाफ एफआईआर no 252/24 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस टीम में एडीएसआई मनोज सिंह व एचसी धनपाल सिंह शामिल थे।

दूसरी ओर, कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोर को शत प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार करने का दावा भी किया है। सोमवार को स्थानीय महिला ने उनके घर में हुई घरेलू सामान के चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा चोरी की उक्त घटना का शीघ्र खुलासा किए जाने के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्रीमती जया बलोनी के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार विभव सैनी के पर्यवेक्षण एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार रमेश तंवर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी में संलिप्त अभियुक्त आमपड़ाव निवासी सलमान पुत्र खलील को शत-प्रतिशत माल के साथ आमपड़ाव स्कूल पनियाली स्रोत पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त सलमान के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक मनोज सिंह व मुख्य आरक्षी करण कुमार शामिल थे।

