पुलिस के हत्थे चढ़ा बाइक सवार तस्कर, तलाशी में 1.82 किलो अफीम बरामद
रुद्रपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बाइक सवार युवक को 1.82 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात दरोगा जीवन सिंह पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि बारादरी रोड तिराहे के आसपास एक युवक बाइक से मादक पदार्थों की तस्करी करने की फिराक में है। सूचना पर एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विनीत आर्य निवासी अंजनी सिरौली, आंवला (बरेली) बताया। तलाशी में उसके पास से 1.82 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह बरेली से अफीम लाकर तराई-भाबर क्षेत्र में सप्लाई करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
संदिग्ध हालात में युवक का शव बरामद, शिनाख्त नहीं
दूसरी ओर, रुद्रपुर रोड पर एक आवासीय कॉलोनी के पास सूखी नाली में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। रविवार को एमए फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार आवासीय कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क किनारे सूखी नाली में एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हाईवे एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव के गले पर निशान पाए गए हैं। युवक के पास एक इंजेक्शन की सिरिंज भी मिली है। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

