टिहरी गढ़वाल के डागू गांव में मांगलिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, डीजे का समय निर्धारित
नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक के जालसी और डागू गांव में आगामी दिनों में होने वाले मांगलिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डीजे के लिए भी समय सीमा निर्धारित की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।पालीगाड पट्टी के जालसी और दश्ज्यूृला पट्टी के डागू गांव में ग्राम प्रधान चंद्रा देवी व शीला देवी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की हुई। बैठक में शादी समारोह, मेहंदी, मुंडन संस्कार सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि मांगलिक कार्यक्रमों में डीजे संचालित करने की समय सीमा रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है। शादी में रुपये की माला, महिलाओं के सोने, चांदी के अधिक आभूषण पहनने,बकरी देने का प्रथा को बंद किया गया है। शादी-समारोह में शराब और अन्य फिजूलखर्ची के कारण गांव के लोगों पर खर्च का अधिक दबाव पड़ रहा है, जिस पर प्रतिबंध लगाया जाना आवश्यक हो गया है। बैठक में उक्त सभी नियमों का पालन न करने वाले व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा उनके परिवारों में होने वाले मांगलिक कार्यक्रमों में गांव को कोई व्यक्ति शामिल नहीं होगा। बैठक में पूर्व शिक्षा उप निदेशक चेतन प्रसाद नौटियाल, जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, महामंत्री खेमराज भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन उनियाल, हरिभजन पंवार, जगत रावत, गुरु प्रसाद नौटियाल, रमेश प्रसाद नौटियाल, सुमेर चंद पंवार, महिपाल पंवार, हुकम सिंह रावत, कमला नौटियाल आदि मौजूद थे।
शराब बेचते हुए मिले तो लगेगा 50 हजार का जुर्माना
उधर, रुद्रप्रयाग जनपद के बेडुला गांव में भी ग्रामीणों ने नशाखोरी पर अंकुश लगाने की कोशिश की है। निर्णय लिया है कि यदि शराब पीते हुए कोई दिखा तो 21 हजार रुपये और यदि बेचते हुए पकड़े गया तो 50 हजार का जुर्माना लगेगा। गांव में बैठक कर यह निर्णय लिया गया। गुप्तकाशी के बेडुला गांव की महिला मंगल दल की महिलाओं ने सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर सर्वसम्मति से शराब के सेवन व बिक्री पर कड़ा जुर्माना रखा है। शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 50 हजार व शराब पीते हुए पकड़े जाने पर 21 हजार का जुर्माना रखा गया है। महिला मंगल दल अध्यक्ष उषा देवी ने बताया कि गांव के युवाओं और बच्चों पर शराब का असर न पड़े इसके लिए सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया गया है। बैठक में प्रधान प्रदीप सिंह राणा व नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष अनूप राणा की संस्तुति मिलने पर यह प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इस दौरान महिला मंगल दल के सदस्य बबली देवी, प्रमिला देवी, रजनी देवी, संतोषी देवी, प्रेमा देवी, माधवी देवी और सुमन देवी आदि सदस्य मौजूद थे।

