दो रूसी महिलाओं की हत्या से दहला गोवा, एक का शव मिला 8 किमी दूर; आरोपी गिरफ्तार
पणजी। गोवा में दो रूसी महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव बरामद किए गए, जिसके बाद पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में 37 वर्षीय रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार किया है। मृत महिलाओं की पहचान एलेना कस्थानोवा (37) और एलिना वानीवा (37) के रूप में हुई है। गोवा पुलिस के अनुसार, दोनों हत्याएं एक ही तरीके से की गईं। दोनों महिलाओं का चाकू से गला रेता गया था और उनके हाथ पीछे की ओर रस्सी से बंधे हुए थे।
पहला मामला गुरुवार रात सामने आया, जब अरंबोल इलाके में एक किराए के मकान से एलेना कस्थानोवा का शव मिला। मकान मालकिन की शिकायत के अनुसार, यह घटना रात करीब 11 बजे के बाद की है। कस्थानोवा आरोपी एलेक्सी लियोनोव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस अभी इस हत्या की जांच कर ही रही थी कि घटनास्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर मोरजिम इलाके में दूसरी रूसी महिला एलिना वानीवा की हत्या की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि वानीवा आरोपी और कस्थानोवा, दोनों की करीबी मित्र थी।
पुलिस को दिए गए बयानों के मुताबिक, आरोपी और कस्थानोवा पिछले एक महीने से किराए के कमरे में रह रहे थे। 14 जनवरी को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया है कि कस्थानोवा ने पास में रहने वाली एक रूसी महिला से बीच-बचाव करने को कहा था, लेकिन उसने इसमें हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
पड़ोसी महिला ने पुलिस को बताया कि बाद में उसने कस्थानोवा की चीखें सुनीं। जब वह कमरे के पास पहुंची, तब तक आरोपी पहली मंजिल की बालकनी से कूदकर फरार हो चुका था। इसके बाद 15 जनवरी की शाम आरोपी ने करीब आठ किलोमीटर दूर मोरजिम गांव पहुंचकर एलिना वानीवा की भी हत्या कर दी।
पुलिस दोनों हत्याओं के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संभावित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद रूसी पर्यटकों की अधिक आवाजाही वाले इलाकों में रहने वाले स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है।

