जंगल में बकरियां चराने गये ग्रामीण की चट्टान से गिरकर दर्दनाक मौत 

 बागेश्वर। बकरियां चराने जंगल गए एक युवक की चट्टान से गिरकर मौत हो गई। स्वजन गंभीर घायल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल में भेजा गया। वहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। युवक ने भवाली के आसपास एंबुलेंस में दम तोड़ दिया।  ग्रामीणों में लचर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से लगभग 80 किमी दूर बाछम गांव निवासी हीरा सिंह (45 वर्ष) पुत्र त्रिलोक सिंह गांव बुग्लयों की तरफ भेड़-बकरियां चराने गया था। नीचे की तरफ लौटते समय वह चट्टान से फिसल गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्वजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। प्राथमिक उपचार हुआ और फिर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार  घायल के सिर में गंभीर चोट थी, जिसकी जांच आदि की सुविधाएं अस्पताल में नहीं हैं, इसलिए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर करना पड़ा। युवक ने हल्द्वानी पहुंचने से पहले भवाली के आसपास एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और  बाद में  स्वजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *