चोरी के माल समेत दो लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 3 लाख के गहने व 1 लाख 54 हजार की नगदी बरामद

 

देहरादून। रायपुर पुलिस ने चोरी के शत-प्रतिशत माल के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 3 लाख के गहने व एक लाख 54 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए चोरों में एक नाबालिग है जिसे बाल सुधार गृह भेजा गया है जबकि दूसरे चोर को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दोनों नशे की आदी हैं और नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए पड़ोसी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
एसपी सिटी सरिता डोबाल ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि पवन सिंह ने थाना रायपुर में शिकायत की थी कि ताला तोड़कर घर में घुसे किसी अज्ञात ने कमरे में रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी सोने व चांदी की लाखों रुपये की कीमती ज्वैलरी व नकद रुपये चोरी कर लिए हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए थानाध्यक्ष कुन्दन राम के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। पुलिस टीम ने जब जानकारी हासिल की तो पता चला कि जहां पर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था वहां पर कोई सीसीटीवी नहीं था और गली बंद होने के कारण वहां बाहर से आकर चोरी की घटना को अंजाम देना मुस्किल था। इसलिए पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए मोहल्ले में ही संदिग्धों पर नजर रखी। उसके बाद खुलासा हुआ कि पड़ोस में ही रहने वाले राम संजय कुमार पुत्र संजय कुमार ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किये गये शत- प्रतिशत 3 तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व एक लाख 54 हजार रुपये बरामद किए। चोरों ने यह सामान व नगदी आदर्श कालोनी के पीछे जंगल की झाड़ियों में छुपाकर रखे थे। चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रायपुर कुन्दन राम, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष रावत, उपनिरीक्षक प्रेम सिंह नेगी, रमन बिष्ट, कांस्टेबल, दीपप्रकाश, सौरभ वालिया, दीपक कुमार, हेमराज सिंह, सन्तोष व किशनपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *