चोरी के जेवरातों के साथ आरोपी गिरफ्तार

 

देहरादून। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी कालसी स्थित गैस एजेंसी के समीप एक घर को चोरों ने मंगलवार शाम को निशाना बनाया। चोरों ने घर के अंदर अलमीरा में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवरात उड़ा लिए। घर की मालकिन जब लौटी तो घर में हुई चोरी की वारदात को देखकर औचक रह गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मह आठ घंटे में ही चोरी के जेवरात के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को निशा पत्नी इंदर सिंह निवासी पुरानी कालसी ने थाना कालसी पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर में बताया कि वह मंगलवार शाम को घर से सामन लेने बाजार गई थी। करीब आधा घंटे बाद घर पहुंची तो देखा कि अलमीरा मे रखी सोने की ज्वैलरी, जिसमें सोने का गले का हार, सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के कुण्डल गायब हैं। आसपास के लोगों से पता किया तो कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। थानाध्यक्ष कालसी अशोक राठौर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। घटना स्थल का निरीक्षण कर मौके से फिंगर प्रिंट लिए गए। साथ ही संदिग्धों की धरपकड़ के साथ पूछताछ की गई। पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी के आभूषणों को बेचने के लिए ज्वैलर्स के पास गया है। पुलिस ने आरोपी राकेश पुत्र दिलिया निवासी पुरानी कालसी को जामनश्रोत के पास से दबोच लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। थानाध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस की टीम में एसआई नीरज कठैत, कांस्टेबल रविपाल और नितिन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *