चमोली जिले में चार किशोरों की नदी में डूब जाने से मौत, एक दिन पहले हुए थे घर से गायब
गोपेश्वर। वाहन दुर्घटना में 12 लोगों की मौत को लेकर मातम और सदमे से घिरे चमोली जनपद में एक और दर्दनाक हादसे की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यह दुखद खबर थराली विधानसभा क्षेत्र के देवाल विकासखंड के अंतर्गत कलसिरी गांव से आई है, जहां गांव के नीचे बहने वाली कैल नदी में चार किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतक किशोर शुक्रवार दोपहर से ही लापता बताए जा रहे थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों को नदी में शव उतराते हुए दिखाई दिए तो ।हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों किशोरों के शवों को नदी से निकाला।
किशोरों की मौत से परिजनों समेत पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।
जिला मुख्यालय पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को चारों किशोर दोपहर बाद अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा पूरी रात खोजबीन की गई लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। शनिवार की सुबह जानकारी मिली की हाट कल्याणी-सवाल मोटर सड़क के किनारे बसे कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में किशोरों के शव पानी में उतराते हुए दिख रहे हैं।
मृतक किशोरों में धरागांव के प्रियांशु बिष्ट पुत्र रघुवीर सिंह बिष्ट, ओडर गांव के गौरव सिंह पुत्र भरत सिंह, सोड़िग सरकोट के अंशुल पुत्र स्वर्गीय हरेंद्र सिंह बिष्ट और इच्छोली के अनिल मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा शामिल हैं। इस हादसे की खबर फैलते ही इलाके में दु:ख की लहर दौड़ पड़ी है।

