कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत
देहरादून। चमोली के बाद उत्तरकाशी जिले के लिए भी शनिवार का दिन दुखद खबर लेकर आया। यहां यमुनोत्री हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में अभी तक पांच लोगों की मौत होने की खबर है। पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। मामले में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के डुंडा तहसील क्षेत्र में ब्रह्मखाल के समीप यमुनोत्री हाईवे पर आज एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। कार अचानक अंनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि आधिकारिक सूचना की प्रतीक्षा की जा रही है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस व प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वाहन में तीन महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे। घायल महिला को अस्पताल भेजा गया है। वाहन करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिरा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही शुक्रवार को भी उत्तराखंड के चमोली जिले में एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

