Thursday, November 19, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चकराता क्षेत्र में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी कार, तीन की मौत, तीन घायल

देहरादून। शनिवार सुबह एक कार के खाई में गिर जाने से  तीन लोगों की मौत हो गयी, वहीं तीन लोेग  घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद  मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों व मृतकों को खाई से बाहर निकाला।  घायलों   को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह थाना त्यूणी पर कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि छुमरा से त्यूणी आने वाली एक ऑल्टो कार रायगी मंदिर के पास सड़क से करीब 100 मी नीचे खाई में गिर गई है। सूचना पर थाने से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा तो पाया कि एक आल्टो कार मुख्य सडक से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन चलाते हुए कार सवार 6 व्यक्तियों को खाई  से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल उपचार हेतु नजदीकी चिकित्सालय पंहुचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा 3 घायलों को मृत घोषित किया गया। शेष अन्य 3 घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त हायर सेंटर रेफर किया गया। मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया कार चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण दुर्घटना का घटित होना प्रतीत हुआ, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों के नाम सौरांश पुत्र उमेश, निवासी ग्राम मेघाटू थाना त्यूणी, अनीता पत्नी उमेश, निवासी ग्राम मेघाटू थाना त्यूणी व सूरत राम पुत्र टांगरू, निवासी ग्राम मुंदोल थाना त्यूणी बताये जा रहे हैं। घायलों में इतिका पुत्री सहजराम, निवासी ग्राम मुन्दोल थाना त्यूणी देहरादून, मनीष पुत्र बारूदत्त, ग्राम डगोली थाना मोरी उत्तरकाशी व जयेन्द्र पुत्र पातीराम निवासी ग्राम चिल्हड़ तहसील त्यूणी देहरादून शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *