Wednesday, September 23, 2026
Latest:
उत्तराखंड

उत्तराखंड के दर्जनों गांवों में बढ़ी गुलदार की सक्रियता, भयभीत ग्रामीणों ने लगाई सुरक्षा की गुहार

 

बागेश्वर।  कत्यूर घाटी के दर्जनों गांवों में गुलदार का जबरदस्त आतंक है। गुलदार ने दुदीला गांव में एक ग्रामीण के गोठ में घुसकर सात बकरियां मार दी गुलदार सायं होते ही घरों के पास आ रहा है। जिससे लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांवों में पिंजड़ा लगाकर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। कत्यूर घाटी के दुदीला गांव निवासी नरी राम पुत्र अंत राम की गोठ में गुरुवार की रात गुलदार घुस गया। गुलदार ने मौके पर ही सात बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। बकरियों के दो बच्चों को गुलदार छोड़ गया। एक बकरी को जंगल की ओर घसीट कर ले गया। इसके अलावा अणा, माल्दे, सिटोली, लोहारचौरा, ह्वील-कुलवान, द्योनाई, धैना, ढुकुरा, लौबांज, अमोली, मटेना, लोहारी, बाड़ीखेत, सिल्ली, कौलाग, रतमटिया, तिलसारी, गोमती घाटी, लाहुर घाटी समेत दर्जनों गांवों में इन दिनों गुलदार ने काफी आतंक मचा दिया है। गुलदार सायं होते ही घरों के पास आ जा रहा है,जिससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण सायं होते ही घरों में दुबक जा रहे हैं। गुलदार अब तक कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीण गुलदार को भगाने के लिए रतजगा कर रहे हैं। सुबह फिर गुलदार घरों के आंगन में आ धमक रहा है, जिससे ग्रामीण बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं। जिपंस जनार्दन लोहुमी, क्षेपंस भोला दत्त , सामाजिक कार्यकर्ता हेम चंद्र, महेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, गोपाल दत्त, भूपाल सिंह, दिनेश, सुरेंद्र सिंह व सुरेश आदि ने वन विभाग से प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा देने और गांवों में पिंजड़ा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
उधर, देहरादून जिले में भी वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में वन्य जीवों की आमद से क्षेत्रवासी परेशान हैं। छिद्दरवाला क्षेत्र की ग्राम पंचायत साहबनगर में दिन के उजाले में गुलदार दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की। छिददरवाला क्षेत्र की ग्राम पंचायत साहबनगर राजाजी पार्क से सटा हुआ है। ऐसे में यहां आए दिन वन्य जीवों की आमद देखी जाती है। शुक्रवार को दिन के समय यहां गुलदार देखा गया। यहां हिमालय मंदिर के समीप गुलदार द्वारा मुर्गों पर हमला किया गया और एक मुर्गे को गुलदार उठा ले गया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हुई। घनी आबादी वाले इलाके में दिन दहाड़े गुलदार दिखने से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। सामाजिक कार्यकर्त्ता अम्बर गुरुंग ने वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना दिए जाने के बावजूद राजाजी पार्क के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री ने कहा कि दिन में गुलदार की चहल-कदमी आम जनता की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है और वन विभाग को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *