गुलदार ने बनाया मासूम को निवाला , आंगन से ले गया उठा कर

 

नयी टिहरी। बढ़ती गर्मी के साथ ही उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में दहशत का पर्याय बन चुके मानवभक्षी गुलदार (तेंदुआ) एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। कुछ समय की चुप्पी के बाद इंसानी गोश्त की तलब में जंगल से निकलकर मानव बस्तियों का रुख कर रहे आदमखोर तेंदुए ने टिहरी जिले में उस वक्त अपनी जानलेवा दस्तक दी जब उसने आंगन में खेल रहे बच्चे को अपना निवाला बना लिया। घटना टिहरी जनपद के विकासखंड भिलंगना के अखोड़ी गांव की है, जहां देर शाम घात लगाए गुलदार ने आंगन में खेल रहे एक बालक को उठा लिया। घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने बच्चे की खोज शुरू की तो,बच्चे का शव पास ही स्थित जंगल मे बरामद हुआ। देर शाम हुई इस घटना से जंहा गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक बालक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
बढ़ती गर्मी के साथ ही इन दिनों पहाड़ के जंगल में आग की चपेट आने लगे हैं, इसके चलते जंगली जानवर भी अब रिहायशी इलाकों में घुसपैठ करने लगे हैं। घनसाली क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह घणाता के अनुसार,हिंदाव पट्टी में दो-तीन दिन से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों द्वारा कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई। बावजूद इसके ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारी शिकायत को अनसुना कर रहे हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते शनिवार को शाम 7:00 बजे के करीब शादी समारोह से घर लौटे 7 वर्षीय नवीन रावत पुत्र सोहन सिंह रावत निवासी, ग्राम अखोड़ी, पट्टी 11 गांव हिंदाव को आदमखोर गुलदार घर के आंगन से ही उठा ले गया और उस मासूम को अपना निवाला बना डाला। घटना से दहशत में डूबे ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के साथ ही वन विभाग के लापरवाह रवैए को लेकर गुस्सा भी व्याप्त है। सूचना मिलने पर रात 11:00 बजे उप जिलाधिकारी घनसाली व रेंजर भिलंगना पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन नाराज़ ग्रामीणों ने बच्चे का शव नहीं उठाने दिया। उनका कहना था कि जब तक मौके पर आदमखोर गुलदार को मारने के लिए शूटर नहीं बुलाया जाता है तब तक बालक को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *