कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सरकार पर लगाया सत्ता के दुरूपयोग का आरोप

 

पार्टी कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों व विभागोें की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने सभी अध्यक्षोें को निर्देशित करते हुए कहा कि आज राष्ट्र चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा है। हम सबके सामने अस्तित्व बचाने का संकट आन पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश की सार्वजनिक सम्पतियों को केंद्र की सरकार अपने चहेते लोगों को बेच चुकी है और अब राज्य की सरकार द्वारा सितारगंज चीनी मिल को बेचने की तैयारी चल रही है। जबकि थोड़ी धनराशि से ही राज्य सरकार चाहे तो पुनः उक्त मिल का जीर्णोद्धार कर सकती है। उन्होंने कहा कि किसान हित से बड़ा अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने का राज्य सरकार का मकसद दिखाई पड़ रहा है।
माहरा ने कहा कि हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने एक फैसला करते हुए यह कहा है कि अब छह महीने तक सहकारी बैंकों में पैसों का कोई भी लेनदेन नहीं किया जायेगा। उन्होंने भाजपा पर सत्ता का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ता को भाजपा के खिलाफ संघर्ष करने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक का हवाला देते हुए महरा ने कहा कि कैबिनेट बैठक में ना तो गन्ना किसानों के 200 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान पर कोई निर्णय लिया गया और ना ही गन्ने की कीमत ही बढ़ाई गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य आंदोलनकारियों के मृुद्दे पर भी कैबिनेट बैठक में चर्चा ना होने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति हो रही है। माहरा ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा ना होना, बेताहाशा महंगाई, भर्ती परीक्षा घोटाले और उनमें संलिप्त सफेदपोशों को संरक्षण, जोशीमठ में मुआवजा लंबित, भाजपा पार्षदों की गुंडागर्दी इत्यादि प्रादेशिक मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरना जरूरी है।
करन माहरा ने बैठक में सभी विभागों व प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों से अपेक्षा करते हुए कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेेटी के निर्देश पर 13 मार्च 2023 को गैरसैंण विधानसभा का घेराव किया जायेगा जिसमें अधिक से अधिक लोगों की उपस्थित सुनिश्चित करें।
बैठक में इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन मथुरा दत्त जोशी, बुद्विजीवी कांग्रेस विभाग के अध्यक्ष प्रदीप जोशी, प्रदेश अध्यक्ष के सलाहकार अमरजीत सिंह, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल, खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह चौधरी, गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बस्नेत, असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील राठी, अखिल भारतीय कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के समन्वयक एवं उत्तराखंड प्रभारी मदन लाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *