Wednesday, August 12, 2026
Latest:
अपराध

करंट लगने से छात्र की मौत

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में कपड़ों पर प्रेस कर रहे एक 17 वर्षीय दसवीं के छात्र की अचानक इलेक्ट्रिक प्रेस से करंट लग गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक बीती रात 10वीं का छात्र प्रिंस दास निवासी रावली महदूद सिडकुल को सिडकुल के मेटो हास्पिटल में अचेत अवस्था में लाया गया।
डाक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एसएसआइ देवेंद्र तोमर के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।
पता चला कि प्रिंस शादी समारोह में जाने के लिए अपने घर में इलेक्ट्रिक प्रेस से कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे तेज करंट लगा।
पोस्टमार्टम कराने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और शव बिना पोस्टमार्टम सौंपने की मांग करने लगे।
भीम आर्मी समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने लोगों को समझाया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम आवश्यक है।
काफी देर की समझाने के बाद स्वजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *