Thursday, June 25, 2026
Latest:

यूपी के चार अफीम तस्कर गिरफ्तार, आरोपियों में पति-पत्नी भी शामिल 

रुद्रपुर। प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ  अभियान चला रही जनपद पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चैकिंग के दौरान कार सवार दंपति समेत चार नशा तस्करों को उस वक्त धर दबोचा, जब वे
बरेली से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में बेचने आ रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी में पुलिस ने 968 ग्राम अफीम  बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों को जेल भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए रुद्रपुर के

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि रविवार रात सीओ सिटी अभय सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष दिनेशपुर विनोद जोशी पुलिसकर्मियों के साथ खटोला मोतीपुर नंबर एक के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही वैन यूपी-25-डीबी-9210 को रुकने का इशारा किया तो पुलिस को देख वैन वापस मुड़ने लगी। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर वैन को रुकवा लिया और उसमें सवार एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने अपना नाम गुरगावा मस्तकिल, थाना सिरौली, बरेली (यूपी) निवासी प्रमोद शर्मा पुत्र प्रकाश शर्मा, उसकी पत्नी अनीता शर्मा, सहदरा मिलक  रामपुर निवासी मो.तस्लीम पुत्र कल्लू और शिवपुर सिरौली, बरेली निवासी गुच्छन खां पुत्र छुन्नु खां बताया।
पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर चारों के पास से 968 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसमें प्रमोद शर्मा से 220 ग्राम अफीम, अनीता शर्मा 228 ग्राम, तस्लीम से 290 ग्राम और गुच्छन खां से 230 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वह बरेली से अफीम खरीदकर दिनेशपुर में फुटकर बेचने आए थे। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धरपकड़ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *