अपराध

सात वर्षीय मासूम के साथ युवक ने कर डाला दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस 

 

रुड़की।  कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में घर के पास खेल रही सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार को मासूम अपने घर के पास ही खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने अकेला पाकर उसे किसी खाने के सामान का लालच दिया और बहला-फुसलाकर खेतों की ओर ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मासूम को बदहवास स्थिति में छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के कई घंटों बाद जब पीड़ित बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची, तो उसकी हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। रोती-बिलखती मासूम ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। परिजन तुरंत उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शनिवार देर रात को ही केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि महिला उप निरीक्षक की देखरेख में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी अपने घर से फरार है। इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्काल केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *