उत्तराखंड

इस बार चारधाम यात्रा को लेकर नई पहल, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हेल्थ अलर्ट अभियान शुरू

देहरादून। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार नई पहल शुरू की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आने वाले स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतों के प्रति श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए राज्यों में हेल्थ अलर्ट अभियान शुरू किया गया।
चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने इस बार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की है। सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के दिशानिर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी की है।
इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को पहले ही कम करना और जागरूकता बढ़ाना है। इसके अलावा अंतरराज्यीय समन्वय की ठोस पहल शुरू की है। सहायक निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने राजस्थान का दौरा कर वहां के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर स्वास्थ्य सुझावों और दिशानिर्देशों को साझा किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य हित को सर्वोपरि रखते हुए इन दिशानिर्देशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि राजस्थान से आने वाले तीर्थयात्रियों को यात्रा से पूर्व ही आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, सावधानियां और गाइडलाइन स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे तीर्थायत्री पूरी तैयारी और जागरूकता के साथ यात्रा पर निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *